गांडेय प्रखंड के मेदनीसारे पंचायत के कर्माटांड़ गांव में मंगलवार सुबह 9:30 बजे पशुपालक अर्जुन यादव की गाभिन भैंस 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आकर मौत का शिकार हो गई। बताया जाता है कि भैंस चर रही थी, तभी अचानक ऊपर से बिजली का तार गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व जिप सदस्य एवं फॉरवर्ड ब्लॉक के जिला संयोजक राजेश यादव ने नए पशु चिकित्सा प्रभारी उदय मेहता को सूचना देकर मुआवजा प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। साथ ही उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को भी अवगत कराया और चेतावनी दी कि प्रखंड के कई क्षेत्रों में 11 हजार वोल्ट के तार खतरनाक स्थिति में हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। राजेश यादव ने कहा कि पूर्व में भी बिजली तार से मरे मवेशियों के मुआवजे का भुगतान नहीं हुआ है, जिसे तत्काल जारी किया जाना चाहिए।












