गिरिडीह में प्रवासी मजदूरों की बकाया मजदूरी का मुद्दा एक बार फिर गरमाया है। पूर्व जिप सदस्य व ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लॉक के जिला संयोजक राजेश यादव ने सहायक श्रमायुक्त प्रवीण कुमार से मुलाकात कर उड़ीसा में काम करने गए 20 से अधिक मजदूरों को ₹4 लाख से ज्यादा की मजदूरी न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि गिरिडीह के ही एक व्यक्ति और उसके रांची स्थित सहयोगी ने मजदूरों से सरकारी भवन निर्माण का काम करवाया, लेकिन भुगतान नहीं किया।

राजेश यादव ने कहा कि मजदूर बेहद गरीब हैं और बेरोजगारी की वजह से कहीं भी काम करने को मजबूर रहते हैं, जिसका ठेकेदारों ने फायदा उठाया। श्रम विभाग के नोटिस के बावजूद आरोपी पेश नहीं हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि प्रवासी मजदूर कानून के तहत सख्त कार्रवाई हो और मजदूरों का हक कोई न मार सके। इस दौरान रीतलाल दास, अनंत सिंह, गणेश दास, अशोक दास और सुनील साव भी मौजूद रहे।












