आज़ादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर बुधवार को गिरिडीह में झंडा मैदान से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जो टावर चौक, कालिबाड़ी चौक, शिव मोहल्ला और गांधी चौक होते हुए अकादमी मैदान में संपन्न हुई। यात्रा का मुख्य आकर्षण 151 फीट लंबा तिरंगा रहा, जिसे सैकड़ों स्कूली छात्र-छात्राओं ने थाम रखा था। इस नज़ारे ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

यात्रा में स्कूली बच्चे, नागरिक, पूर्व सैनिक, एबीवीपी के छात्र नेता और विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। मार्ग में खड़े लोगों ने तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया और जगह-जगह फूल बरसाए। अकादमी मैदान में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जहां स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी गई और युवाओं से देश की एकता व अखंडता बनाए रखने का आह्वान किया गया। पूरा शहर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारों से गूंज उठा।












