भारत-अमेरिका के बीच टैरिफ को लेकर चल रहे तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सितंबर के आखिरी सप्ताह में अमेरिका जा सकते हैं। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) की बैठक में शामिल होना है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक, इस यात्रा के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ एक अहम द्विपक्षीय बैठक भी तय मानी जा रही है। दोनों नेता व्यापार विवाद सुलझाने और संभावित ट्रेड डील को लेकर चर्चा कर सकते हैं, जिसमें टैरिफ कम करने और आपसी व्यापार को बढ़ाने पर सहमति बनने की संभावना जताई जा रही है।
अमेरिका ने हाल ही में भारत पर 50% टैरिफ लगाने का फैसला किया था, जिसमें से 25% पहले ही लागू हो चुका है और बाकी 25% जल्द लागू होगा। भारत ने इस कदम को अनुचित बताते हुए विरोध दर्ज कराया है। प्रधानमंत्री मोदी ने साफ कहा है कि किसी भी समझौते में किसानों और देश के हितों से समझौता नहीं किया जाएगा। वहीं, यह भी माना जा रहा है कि इस मुलाकात से न केवल व्यापार विवाद कम हो सकता है, बल्कि दोनों देशों के आर्थिक संबंध एक नए मुकाम पर पहुंच सकते हैं।
संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी का भाषण 26 सितंबर की सुबह होगा, जबकि राष्ट्रपति ट्रंप 23 सितंबर को सभा को संबोधित करेंगे। फरवरी में हुए पिछले अमेरिकी दौरे के बाद यह पीएम मोदी की दूसरी मुलाकात होगी। हालांकि, आधिकारिक कार्यक्रम की घोषणा अभी बाकी है, लेकिन राजनीतिक और कूटनीतिक हलकों में इसे भारत-अमेरिका संबंधों के लिए एक अहम मोड़ माना जा रहा है।












