सरिया-बगोदर मुख्य सड़क पर करंबा मोड़ के पास आज एक विशाल पेड़ अचानक सड़क पर गिर पड़ा। उसी समय वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार युवक पेड़ की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे से सड़क पर यातायात बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है, स्थानीय लोग प्रयासरत हैं। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को खबर दी। पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई में जुटा है। इस पर जेएलकेएम के जिला सचिव धर्मपाल महतो ने वन विभाग को लापरवाही का जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि रांची-दुमका मुख्य मार्ग पर पेड़ गिरने की घटनाएं आम हो गई हैं, जिससे जान-माल का नुकसान हो रहा है। महतो ने मांग की कि वन विभाग खतरनाक पेड़ों को चिन्हित कर उनकी कटाई करे और उनकी जगह नए पेड़ लगाए।












