झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दबाव क्षेत्र बुधवार तक पश्चिम बंगाल के तटीय हिस्सों से होते हुए ओडिशा के उत्तरी और झारखंड के दक्षिणी इलाकों में पहुंचेगा। रांची मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, इसके असर से 13 और 14 अगस्त को पूरे राज्य में झमाझम बारिश के आसार हैं। दक्षिणी जिलों में जहां अच्छी बारिश होगी, वहीं उत्तरी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जाएगी। साथ ही, 11 अगस्त से अगले चार दिन के लिए पूरे राज्य में तेज हवाओं और कुछ इलाकों में ठनका गिरने का येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। पिछले 24 घंटों में मानसून सामान्य रहा, जिसमें गढ़वा में सबसे ज्यादा 61.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि धनबाद, लोहरदगा, बोकारो, रांची और गोड्डा समेत कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
राजधानी रांची में रविवार को दिन के समय मौसम साफ रहा, लेकिन शाम होते-होते 14.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। साफ मौसम के कारण तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, जिससे अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो दिनों में बारिश का असर साफ नजर आएगा, जिससे उमस से राहत तो मिलेगी, लेकिन तेज हवाओं और बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।












