लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद जिला कांग्रेस कमेटी ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर फर्जी वोटिंग के सबूत पेश किए। जिला अध्यक्ष धनंजय सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने प्रमाणों के साथ यह दिखाया है कि एक ही घर के पते पर 80 मतदाता दर्ज हैं, जबकि वह कमरा मात्र 10×10 का है। यहां तक कि एक व्यक्ति का नाम एक ही विधानसभा में चार जगह वोटर लिस्ट में मौजूद है और पोलिंग एजेंट के मुताबिक, इन नामों पर मतदान भी हो चुका है।

कांग्रेस ने इस मामले को लोकतंत्र के लिए खतरा बताते हुए इसे सभी प्रखंडों तक ले जाने की घोषणा की है। मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष सतीश केडिया, प्रदेश सचिव अजय सिन्हा, उपेंद्र सिंह, शब्बीर खान, सोहेल इराकी, पंकज सागर, दिनेश विश्वकर्मा, अशोक विश्वकर्मा, चांद, गुलाम मुस्तफा, मिनहाज, शाहिद समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस का कहना है कि अब सरकार और चुनाव आयोग को इस पर स्पष्ट जवाब देना होगा।












