Aba News

वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ खेल चुके पाकिस्तानी क्रिकेटर हैदर अली पर रेप का आरोप, इंग्लैंड में गिरफ्तारी

रक्षाबंधन की मिठास भरे माहौल के बीच क्रिकेट जगत से एक चौंकाने वाली ख़बर आई है। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज़ हैदर अली, जो वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ खेल चुके हैं, इंग्लैंड में रेप केस के आरोप में गिरफ्तार हो गए हैं। 24 वर्षीय अली इंग्लैंड में पाकिस्तान की ए टीम के साथ लायंस के खिलाफ सीरीज़ खेल रहे थे, तभी ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, सोमवार 4 अगस्त 2025 को बलात्कार की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद अली को पकड़ा गया। हैदर अली का जन्म 2 अक्टूबर 2000 को पाकिस्तान के अटॉक में हुआ था और वह लंबे समय से रोहित शर्मा को अपना आदर्श मानते रहे हैं।

हैदर अली ने सितंबर 2019 में फर्स्ट क्लास और 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक पाकिस्तान के लिए 35 टी20 इंटरनेशनल और 2 वनडे मैच खेले हैं। भारत के खिलाफ उन्होंने एकमात्र टी20 मुकाबला 2022 के वर्ल्ड कप में खेला था, जिसमें वह सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए थे। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए उस मैच में भारत ने पाकिस्तान को 4 विकेट से हराया था और विराट कोहली ने 82 रनों की नाबाद पारी खेली थी। अली का घरेलू और फ्रेंचाइज़ी क्रिकेट करियर भी अच्छा रहा है, उन्होंने पीएसएल में इस्लामाबाद यूनाइटेड और इंग्लैंड के काउंटी क्लब डर्बीशायर के लिए खेला है।

हालांकि, इस गिरफ्तारी के बाद उनका क्रिकेट करियर गहरे संकट में आ गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हैदर अली को जांच पूरी होने तक तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। पुलिस अब सबूत इकट्ठा करने और मामले की तह तक जाने में जुटी है। क्रिकेट फैंस के लिए यह खबर चौंकाने वाली है, क्योंकि अली को पाकिस्तान क्रिकेट का उभरता सितारा माना जा रहा था। लेकिन अब उन पर लगे आरोपों ने उनके भविष्य पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें