एशिया कप 2025 की तैयारी जोरों पर है और सबसे बड़ा सवाल टीम इंडिया की ओपनिंग जोड़ी को लेकर खड़ा हो गया है। 9 से 28 सितंबर के बीच यूएई में होने वाले टूर्नामेंट में भारत 10 सितंबर को अपना पहला मैच खेलेगा, जबकि 14 सितंबर को मुकाबला पाकिस्तान से होगा। टीम की कमान इस बार सूर्यकुमार यादव के हाथ में होगी। हालांकि फैंस की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत कौन करेगा। टीम इंडिया के ओपनिंग स्लॉट को लेकर तीन संभावित विकल्पों की चर्चा जोरों पर है, जिनमें शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल और संजू सैमसन का नाम सबसे आगे है।
पहला नाम आता है शुभमन गिल का, जिन्हें टेस्ट क्रिकेट में कमाल के प्रदर्शन के बाद अब टी20 में भी एंट्री मिलने की उम्मीद है। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, अगस्त के तीसरे हफ्ते में बीसीसीआई भारतीय टीम की घोषणा कर सकती है। शुभमन ने भारत के लिए अब तक 21 टी20 मैचों में 578 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं। बाएं हाथ के अभिषेक शर्मा और दाएं हाथ के शुभमन गिल की जोड़ी एक संतुलित ओपनिंग कॉम्बिनेशन बन सकती है, जिससे टीम को मजबूती मिल सकती है। गिल का संयमित खेल और अभिषेक की आक्रामकता मिलकर शुरुआती ओवरों में भारत को बड़ी बढ़त दिला सकते हैं।
वहीं यशस्वी जायसवाल और संजू सैमसन भी उतने ही प्रबल दावेदार हैं। यशस्वी ने 23 टी20 इंटरनेशनल में 723 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 5 अर्धशतक शामिल हैं। उनकी तेज शुरुआत टीम के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है। दूसरी ओर, संजू सैमसन हाल के मैचों में अभिषेक के साथ ओपनिंग करते नजर आए हैं और दोनों की जोड़ी ने अच्छा प्रदर्शन किया है। सैमसन ने भारत के लिए 42 टी20 मैचों में 861 रन बनाए हैं, जिसमें 3 अर्धशतक भी शामिल हैं। अब देखना होगा कि टीम मैनेजमेंट किस खिलाड़ी पर भरोसा जताता है और एशिया कप में भारत किस ओपनिंग जोड़ी के साथ उतरता है। क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें अब बीसीसीआई की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं।












