Aba News

फंदे पर लटका छात्र, हत्या या आत्महत्या? जांच में उलझी गिरिडीह पुलिस

गिरिडीह जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के भलसुमिया जंगल में मंगलवार को 12 वर्षीय छात्र प्रेम प्रमोद मुर्मू का फंदे से झूलता शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक जमुई जिले के चकाई का निवासी था और गिरिडीह के कार्मेल हिंदी विद्यालय में आठवीं कक्षा का छात्र था। वह अपने रिश्तेदार के साथ किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रहा था। सोमवार शाम वह कुछ सामान लेने निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगली सुबह उसका शव पेड़ से लटका मिला और पास की सड़क से उसकी साइकिल बरामद हुई।

स्थानीय निवासी सुशील शर्मा और मृतक के भाई ने मौके पर शव की पहचान की। वहीं, आदिवासी छात्र संघ के अध्यक्ष प्रदीप सोरेन ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि साजिश के तहत की गई हत्या बताया और पुलिस से गहन जांच की मांग की। घटनास्थल की स्थिति और मृतक के व्यवहार को देखते हुए कई सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। मामला आत्महत्या का है या हत्या का, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें