झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और जेएमएम के संस्थापक शिबू सोरेन के निधन पर पूरे देश में शोक की लहर है। उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए आज आरजेडी नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पटना से रांची के लिए रवाना हुए। रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव ने गहरे दुख के साथ कहा, “शिबू सोरेन का योगदान हम कभी नहीं भूल सकते। उन्होंने गरीबों, दलितों और खास तौर पर आदिवासी समाज के हक के लिए आजीवन संघर्ष किया।”
तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि शिबू सोरेन हमारे पिता लालू प्रसाद यादव के पुराने राजनीतिक साथी रहे हैं। “हमारे बीच सिर्फ गठबंधन का रिश्ता नहीं था, बल्कि सामाजिक न्याय के संघर्ष में भी एकजुटता थी। उनका जाना न सिर्फ झारखंड बल्कि पूरे देश की राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति है। आज हम उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे हैं जो रामगढ़ जिले में स्थित उनके पैतृक गांव निमरा में होगा। परिवार के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं,” तेजस्वी ने कहा।
गौरतलब है कि 81 वर्षीय शिबू सोरेन का सोमवार को दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में निधन हुआ था। उनका पार्थिव शरीर सोमवार रात रांची लाया गया, जहां मोरहाबादी स्थित उनके आवास पर आम जनता और राजनीतिक नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। आज निमरा गांव में उनके अंतिम संस्कार में देश भर के कई प्रमुख नेता और हजारों की संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं।












