Aba News

आतंकियों पर कहर बनकर टूटी भारतीय सेना – ‘ऑपरेशन अखल’ में अब तक 3 ढेर, कुलगाम में मुठभेड़ जारी

भारतीय सेना एक बार फिर आतंक के खिलाफ निर्णायक मोर्चे पर है। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के घने जंगलों में आतंकियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन अखल’ जारी है, जहां अब तक तीन आतंकियों को ढेर किया जा चुका है। यह मुठभेड़ लगातार चौथे दिन जारी है। रविवार को हुई जोरदार भिड़ंत में आतंकियों की ओर से भारी फायरिंग हुई, जिसमें सेना का एक जवान घायल हो गया। लेकिन भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आतंकियों को घेरकर मार गिराया।

खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद सेना ने अखल के जंगलों में घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। जैसे ही जवान इलाके में पहुंचे, आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। सेना ने भी तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई में तीन आतंकियों को ढेर कर दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मारे गए आतंकी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े हो सकते हैं। सेना का ऑपरेशन अब भी जारी है और इलाके को पूरी तरह सील कर दिया गया है।

गौरतलब है कि पिछले एक हफ्ते में भारतीय सेना ने आतंक के खिलाफ कई बड़े ऑपरेशन चलाए हैं। ऑपरेशन महादेव और ऑपरेशन शिवशक्ति जैसे अभियानों में कुल 8 आतंकियों को ढेर किया गया है। 13 मई को ऑपरेशन केलर के तहत शोपियां में 3 आतंकी मारे गए थे, जबकि 30 जुलाई को पुंछ में ऑपरेशन शिवशक्ति के दौरान 2 आतंकियों का खात्मा किया गया।

पहलगाम में हुए हमले के बाद से सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकियों के खिलाफ जबरदस्त कार्रवाई शुरू की थी, जिसमें 100 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए। लगातार मिल रहे खुफिया इनपुट और सेना की मुस्तैदी ने आतंकियों की घुसपैठ की कोशिशों को नाकाम कर दिया है। ‘ऑपरेशन अखल’ उसी सिलसिले की एक अहम कड़ी है, जिसमें सेना की बहादुरी और रणनीति एक बार फिर साबित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें