गिरिडीह के टुंडी रोड स्थित मोंगिया पॉवर प्राइवेट लिमिटेड प्लांट के खिलाफ असंगठित मजदूर मोर्चा और भाकपा माले ने रविवार 3 अगस्त की सुबह 5 बजे से गेट जाम कर दिया। आंदोलन का कारण सुपरवाइजर नवीन पांडेय को नौकरी से निकाला जाना है, जिन्हें बेवजह हटाए जाने का आरोप लगाया गया। मजदूर नेताओं ने कहा कि फैक्ट्रियों में मजदूरों का लगातार शोषण हो रहा है, न यूनियन है और न न्यूनतम मजदूरी मिलती है।

उन्होंने मांग की कि हटाए गए मजदूर को तत्काल काम पर बहाल किया जाए और सभी फैक्ट्रियों में मजदूर यूनियन को मान्यता दी जाए। आंदोलन का नेतृत्व माले नेता राजेश सिन्हा, कन्हाई पांडेय, किशोर राय, मसुदन कोल समेत कई मजदूर नेताओं ने किया। नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर मांगे नहीं मानी गईं तो सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों का गेट बंद किया जाएगा और आंदोलन को तेज किया जाएगा।













