गिरिडीह के गावां-सतगावां मुख्य पथ पर एक बेकाबू एलपीजी गैस टैंकर ने धान रोपने जा रहीं पांच महिलाओं को रौंद दिया, जिससे 65 वर्षीय बसंतीया देवी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। चार अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए गावा सीएचसी और बाद में गिरीडीह सदर अस्पताल रेफर किया गया। यह हादसा भूताही पुल के पास उस वक्त हुआ जब महिलाएं खेत की ओर जा रही थीं।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने टैंकर को रोक लिया और गावां-सतगावां मुख्य पथ को पूरी तरह जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। जाम स्थल पर ज़िप सदस्य पवन चौधरी, मुखिया चंदन कुमार सहित भारी पुलिस बल तैनात है। ग्रामीण प्रशासन से मुआवजे और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।













