गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव ने 2 अगस्त 2025 को पचम्बा स्थित SSSGDNF गर्ल्स हाई स्कूल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में शिक्षकों और छात्राओं की उपस्थिति, शैक्षणिक व्यवस्था, पोषाहार, पेयजल, स्वच्छता, आधारभूत संरचना और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की। डीसी यादव ने नवी व दसवीं कक्षा की छात्राओं से संवाद कर न सिर्फ उनकी पढ़ाई की जानकारी ली, बल्कि उन्हें उनके अधिकार और कर्तव्यों के प्रति जागरूक भी किया।

उन्होंने कहा कि पढ़ाई बच्चों का पहला कर्तव्य है और स्वच्छ विद्यालय वातावरण उनकी जिम्मेदारी। उन्होंने शिक्षकों को शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने और स्कूल में सकारात्मक शैक्षणिक माहौल बनाए रखने का निर्देश दिया। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। डीसी ने कार्यालय अभिलेखों की भी जांच की और अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं।













