गिरिडीह के समाहरणालय में शुक्रवार, 01 अगस्त 2025 को जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने जनता दरबार का आयोजन कर आमजन की समस्याएं सुनीं। इस साप्ताहिक जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए दर्जनों नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत और सामाजिक समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। डीसी ने सभी मामलों को गंभीरता, संवेदनशीलता और सहजता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। भूमि विवाद, मइया समान योजना, दिव्यांगजनों के लिए ट्राई-साइकिल, दाखिल-खारिज, पेंशन, राशन, भू-अर्जन, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी प्रमुख शिकायतें सामने आईं।

इनमें से कई समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध रूप से निपटाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता दरबार आमजन से संवाद का प्रभावी माध्यम है और इसका उद्देश्य लोगों की वास्तविक समस्याओं को सुनकर उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना है। उपायुक्त ने आमजन को आश्वस्त किया कि वे मंगलवार और शुक्रवार के अलावा भी अपनी समस्याओं को लेकर समाहरणालय आ सकते हैं।












