गिरिडीह जिले के खोरीमहुआ अनुमंडल में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। अनुमंडल पदाधिकारी अनिमेश रंजन के नेतृत्व में राजधनवार थाना व घोरथम्बा ओपी क्षेत्र के कई ढाबों और होटलों पर छापेमारी की गई। गुप्त सूचना पर की गई इस कार्रवाई में महेंद्र राम, आनंद कुमार रजक, कुलदीप राम, दीपक शर्मा और सुनील कुमार को गिरफ्तार किया गया।

भारी मात्रा में अवैध शराब और बीयर की बोतलें जब्त हुईं। अवर निरीक्षक रवि रंजन ने बताया कि लंबे समय से मिल रही शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है और आगे भी अभियान जारी रहेगा। उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस बल की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई अंजाम दी। प्रशासन की सख्ती से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं स्थानीय लोगों ने इस कदम की सराहना की है।












