Aba News

GIRIDIH:इलाज के लिए दिल्ली गए थे घरवाले, पीछे से चोरों ने उड़ाए 6 लाख के जेवर और नकदी — गिरिडीह में बड़ी चोरी की वारदात

गिरिडीह: शहर के बीचों-बीच स्थित वार्ड नंबर 10, न्यू बरगंडा गेल्ली होटल के पास एक बार फिर चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम देकर स्थानीय पुलिस को खुली चुनौती दे दी है। इस बार चोरों ने उस घर को निशाना बनाया, जहां के सदस्य अपनी बच्ची के इलाज के सिलसिले में दिल्ली एम्स गए हुए थे। मौका पाकर चोरों ने घर का ताला तोड़कर करीब 6 लाख रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

भुक्तभोगी रंजीत कुमार शर्मा ने बताया कि वे मंगलवार की रात को अपनी बच्ची का इलाज कराने दिल्ली एम्स गए थे। इसी बीच सोमवार को पड़ोसियों ने फोन पर सूचना दी कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। जब वे मंगलवार सुबह घर पहुंचे, तो मेन गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरा पूरी तरह बिखरा हुआ था, और आलमारी का लॉक टूटा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि चोरों ने आलमारी में रखे करीब 6 लाख रुपये के गहने और नकद रकम चुरा लिए हैं।
इतना ही नहीं, चोरों ने मासूम बच्चे द्वारा गुल्लक में जमा की गई राशि भी नहीं छोड़ी। उन्होंने गुल्लक तोड़कर उसमें रखे पैसे भी उड़ा लिए। इस घटना ने न सिर्फ परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, बल्कि पूरे मोहल्ले में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। भुक्तभोगी ने नगर थाना में चोरी की शिकायत दर्ज कराते हुए जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने और आसपास के संदिग्धों से पूछताछ में जुट गई है।

इस तरह की बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं ने गिरिडीह शहर में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आमजन अब अपने घरों की सुरक्षा को लेकर आशंकित हैं और पुलिस प्रशासन से ठोस कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें