गिरिडीह के सीसीएल ऑफिसर्स क्लब, बनियाडीह में शनिवार को इंटक के बैनर तले भावभीनी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ। सभा में इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे को याद किया गया, जिनका 10 जुलाई को दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में निधन हो गया था। सभा का संचालन मनोज दास ने किया, जबकि अध्यक्षता कांग्रेस के प्रदेश सचिव एवं इंटक क्षेत्रीय अध्यक्ष ऋषिकेश मिश्रा ने की। सभी उपस्थित श्रमिकों व पदाधिकारियों ने मौन धारण कर और पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

ऋषिकेश मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि ददई दुबे मजदूरों के सच्चे हितैषी थे, जिन्होंने सड़क से संसद तक श्रमिकों की आवाज बुलंद की। वे न केवल चार बार विधायक रहे, बल्कि धनबाद से सांसद के रूप में भी श्रमिकों के अधिकारों के लिए लड़े। सभा में मो. इकबाल, दानिश, राहुल विश्वकर्मा, रमेश कुमार झा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने उनके श्रम संघर्षों को याद करते हुए उनके दिखाए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।













