गिरिडीह के बोरो स्थित ओम वैष्णवी नर्सिंग होम परिसर में सारथी फाउंडेशन एवं ओम वैष्णवी नर्सिंग होम के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद प्रतिनिधि सुरेश प्रसाद मंडल और विशिष्ट अतिथि समाजसेवी कृष्ण साव रहे। इस अवसर पर अस्पताल के चिकित्सकों, स्टाफ, सारथी सोसाइटी के सदस्य तथा अन्य गणमान्य नागरिकों सहित कुल 40 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।

डॉ. श्रवण कुमार ने बताया कि यह पहल समाज के प्रति अस्पताल की जिम्मेदारी का हिस्सा है, जिससे जिले में रक्त की कमी से जूझ रहे मरीजों को राहत मिल सके। कार्यक्रम में डॉ. एस. कुमार, डॉ. अमित कुमार, डॉ. नीरज निर्मल, डॉ. सोनू कुमार समेत अनेक चिकित्सक एवं सामाजिक कार्यकर्ता जैसे अमित कुमार जायसवाल, सूरज दास, दीपांजलि विद्यार्थी, राहुल कुमार गुप्ता आदि की सक्रिय भागीदारी रही। सभी ने न केवल रक्तदान कर सामाजिक दायित्व निभाया, बल्कि दूसरों को भी इस पुण्य कार्य के लिए प्रेरित किया।













