गिरिडीह: पचंबा फोरलेन निर्माण में हो रही देरी के विरोध में भाकपा (माले) की ओर से पदयात्रा निकाली गई। झंडा मैदान से शुरू हुई यह पदयात्रा जेपी चौक पर जयप्रकाश नारायण, बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मूर्ति पर माल्यार्पण के बाद पचंबा की ओर बढ़ी और फॉरेस्ट ऑफिस के पास समाप्त हुई।

माले नेताओं राजेश सिन्हा और कन्हाई पांडेय ने कहा कि यदि एक महीने के भीतर सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा। उन्होंने सवाल उठाया कि जब संवेदक को सड़क नहीं बनानी थी तो गड्ढा क्यों किया गया। नेताओं ने विभाग से संवेदक को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की। प्रखंड सचिव मधुसूदन कोल ने कहा कि गिरिडीह के कई क्षेत्रों में यही हाल है, जल्द सुधार जरूरी है। इस मौके पर कई कार्यकर्ता व स्थानीय लोग भी पदयात्रा में शामिल हुए।












