Aba News

झारखंड के पलामू में तालाब से मिले दो बच्चों के शव, घर के पास खेलने के दौरान हुए थे लापता

झारखंड के पलामू में तालाब से मिले दो बच्चों के शव, घर के पास खेलने के दौरान हुए थे लापता पलामू, 22 जून (आईएएनएस)। झारखंड के मेदिनीनगर (पलामू) शहर में बड़काबांध तालाब से रविवार को दो बच्चों के शव बरामद किए गए। इनकी पहचान बेलवाटिका मोहल्ला निवासी अनुराग तिवारी के पुत्र 9 वर्षीय आरो तिवारी और रेड़मा निवासी आनंद दुबे के पुत्र 6 वर्षीय अर्पित दुबे के रूप में हुई है। दोनों आपस में मौसेरे भाई थे और शनिवार की शाम एक साथ कहीं निकले थे। आशंका जाहिर की जा रही है कि दोनों नहाने के लिए तालाब में उतरे और डूब गए। दोनों के कपड़े तालाब के किनारे पाए गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बताया गया कि आरो तिवारी शनिवार की शाम अपने मौसा आनंद दुबे के घर रेड़मा गया था। वहां वह छोटे मौसेरे भाई अर्पित दुबे के साथ खेल रहा था। फिर दोनों एक साथ घर से बाहर निकल गए। परिजनों को लगा कि दोनों आसपास कहीं खेलने गए होंगे। काफी देर तक वे नहीं लौटे तो उनकी तलाश शुरू हुई। रात में उनका कहीं कुछ पता नहीं चला। रविवार सुबह लोग जब काशीनगर स्थित बड़काबांध पहुंचे तो तालाब किनारे बच्चों के कपड़े मिले। इसके बाद स्थानीय गोताखोर तालाब में उतरे तो थोड़ी देर में दोनों के शव बरामद किए गए। उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजा मेदिनी राय मेमोरियल कॉलेज हॉस्पिटल भेजा गया। पुलिस प्रारंभिक जांच के आधार पर इसे हादसा मान रही है। बच्चों के शरीर पर किसी तरह की चोट के कोई निशान नहीं हैं। संभावना जताई गई है कि दोनों तालाब में उतरे और गहराई में जाने के बाद बाहर नहीं आ पाए। झारखंड में पिछले दो महीनों के दौरान नदी, डैम, झरना और जलाशयों में डूबने की घटनाओं में 30 से अधिक लोगों की मौत हुई है। इनमें ज्यादातर बच्चे और युवा थे, जो नहाने के दौरान हादसे के शिकार हुए। –आईएएनएस एसएनसी/एबीएम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें