गिरिडीह के बगोदर नेशनल हाईवे पर रविवार रात एक कंटेनर में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे करीब 50 लाख रुपये का पार्सल माल जलकर राख हो गया। घटना डोरियो के पास हुई, जब ड्राइवर ने पीछे से धुआं उठता देखा और फौरन गाड़ी को सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी विनय कुमार यादव ने तुरंत फायर ब्रिगेड को बुलाया और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कंटेनर का अधिकांश सामान जल चुका था। यह कंटेनर पश्चिम बंगाल से हरियाणा के गुड़गांव जा रहा था। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।












