Aba News

प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना से आत्‍मनिर्भर बनें बिहार के प्रदीप, पीएम मोदी का जताया आभार

प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना (पीएमईजीपी) बेराजगार लोगों के लिए लाभकारी साबित हो रही है। बिहार के भागलपुर के राजीव प्रदीप ने पीएमईजीपी से 30 लाख लोन लेकर छोटे व्यवसाय में मिसाल कायम की है। उन्‍होंने इस योजना से अपना रोजगार शुरू किया है। उन्‍होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया है।

उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) एक ऐसी योजना है, जो ग्रामीण और शहरी आबादी के भटकते हुए बेरोजगार युवकों के लिए रोजगार का बड़ा साधन है। सबौर इलाके के राजीव प्रदीप ने इस योजना से 30 लाख तक का लोन लिया है। इस लोन से उन्‍होंने अपने घर के आसपास खाली पड़ी जमीन को लीज पर लिया और वहां कंक्रीट प्रोडक्ट में पेवर्स ब्लॉक, चेकर टाइल्स, कंक्रीट बेंच, ब्रिज ब्लॉक, वेंटिलेशन और कवर ब्लॉक बनाते हैं। इसके अलावा उन्‍होंने टोफू (सोया पनीर) का कारोबार भी शुरू किया है।

प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त करते हुए उद्यमी राजीव प्रदीप ने कहा कि पीएम मोदी ने विदेशी वस्तुओं का इस्तेमाल कम करते हुए आत्मनिर्भर बनने की अपील की है। इसी कड़ी में पीएमईजीपी योजना समाज के लिए बहुत बड़ा वरदान है। इस काम के लिए सरकार का उद्योग विभाग और बैंक भी काफी मददगार साबित हो रहा है।

राजीव प्रदीप ने समाज के प्रबुद्ध और जानकार लोगों से अपील की है कि वह प्रधानमंत्री की लाभकारी योजनाओं की जानकारी बेरोजगार युवकों को दें। तब इससे शायद बिहार से पलायन और बेरोजगारी के मसले का समाधान हो जाएगा।

वहीं, प्रदीप ने युवाओं को इस योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया है। उन्‍होंने युवाओं से अपील की है वह उद्योग विभाग जाएं और बैंक से संपर्क कर लोन लें। उन्‍होंने कहा कि इस योजना का लाभ लेने में कहीं भी किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं आती है। समाज के बेरोजगार भटक रहे युवाओं के लिए यह योजना बहुत ही लाभकारी है।

उल्लेखनीय है कि पीएमईजीपी सरकारी योजना है। यह सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय की ओर से संचालित है। इसका उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में रोजगार पैदा करना और स्वरोजगार को बढ़ावा देना है। इस योजना के तहत, सरकार नए सूक्ष्म और लघु उद्यम स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता (सब्सिडी) प्रदान करती है।

–आईएएनएस

एएसएच/एएस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें