पंडरी गांव (गांडेय) में शुक्रवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन तार अचानक टूटकर चर रहे मवेशियों पर गिर गई, जिससे पांच भैंस और एक बैल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा दोपहर करीब 12 बजे हुआ, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। मवेशियों के मालिक सीताराम यादव, महेंद्र ठाकुर, कैलाश यादव, मदन यादव और देवनती देवी ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है,

वहीं ग्रामीणों ने बताया कि पहले भी कई बार जर्जर तारों की शिकायत की गई थी, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के एसडीओ, स्थानीय पशु चिकित्सक और पंचायत मुखिया मौके पर पहुंचे, जबकि आक्रोशित ग्रामीणों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है।













