गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र स्थित खंडोली डैम में उस वक्त सनसनी फैल गई जब दो दिन से लापता एक बुजुर्ग का शव पानी में तैरता हुआ बरामद हुआ। मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के बजरंग चौक निवासी 64 वर्षीय रघुवीर प्रसाद गुप्ता के रूप में हुई है, जो 9 अप्रैल की सुबह घर से निकले थे और तब से लापता थे। परिवार वालों का कहना है कि रघुवीर प्रसाद गुप्ता मानसिक रूप से कमजोर हो गए थे और उन्हें भूलने की बीमारी थी। परिजनों और मोहल्लेवालों ने हर संभव कोशिश कर उनकी खोजबीन की, लेकिन जब 11 अप्रैल को खंडोली डैम में शव मिलने की सूचना मिली तो वे वहां पहुंचे और शव की पहचान की।

शव मिलने की जानकारी मिलते ही पुलिस और खंडोली डैम प्रबंधन हरकत में आया और पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने पुष्टि की है कि शव की पहचान कर ली गई है और पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।













