गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना अंतर्गत मुण्डरांडीह गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक गर्भवती महिला समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित मलकुल अंसारी ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में बताया कि पहले से विवादित जमीन पर नसरूल अंसारी और अन्य लोग जबरन काम कर रहे थे, जिसकी शिकायत करने के बाद 10 अप्रैल को हथियारों से लैस होकर उक्त लोगों ने मलकुल अंसारी, उनके बेटे इमरान अंसारी और अन्य पर हमला कर दिया।

आरोपियों ने लाठी-डंडों और टांगी से हमला कर पीड़ितों को बुरी तरह घायल कर दिया। मलकुल की गर्भवती बहू को भी बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और रक्तस्राव होने लगा। साथ ही शादी के गहने, 26,000 रुपये नकद और घर के अन्य सामानों को भी नुकसान पहुंचाया गया। पीड़ित पक्ष ने जान से मारने की धमकी मिलने की बात कही है। पुलिस से मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।













