Aba News

गिरिडीह कोलियरी से रहस्यमय ढंग से लापता हुआ सुरक्षा गार्ड, परिजनों में मचा कोहराम

गिरिडीह के सीसीएल कोलियरी में तैनात सुरक्षा गार्ड जीतू पासवान पिछले तीन दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है, जिससे परिजनों और स्थानीय कर्मचारियों में गहरी चिंता और आक्रोश है। शुक्रवार रात 9 से 10 बजे के बीच माइंस के कार्य क्षेत्र में आखिरी बार देखे गए जीतू के अचानक गायब होने से परिवार सदमे में है और कोलियरी प्रबंधन भी अब तक सिर्फ औपचारिक खोजबीन में जुटा हुआ नजर आ रहा है। जीतू की पत्नी चंदा देवी ने बताया कि उनके पति ड्यूटी के लिए शाम 7:30 बजे घर से निकले थे, लेकिन 8:30 बजे कॉल करने पर उनका फोन बंद मिला। जब उन्होंने उनके इंचार्ज मो. मुस्तकीम से बात की, तो बताया गया कि जीतू माइंस में ड्यूटी पर गया है और गाड़ी वर्कशॉप के पास खड़ी है, लेकिन रात होते-होते कोई ठोस जानकारी नहीं मिली। अगले दिन सुबह फिर फोन किया गया, तब बताया गया कि जीतू ड्यूटी पर नहीं था। इस विरोधाभास ने सवाल खड़े कर दिए हैं। चंदा देवी की मांग है कि जैसे उनके पति ड्यूटी पर गए थे, वैसे ही उन्हें सुरक्षित लौटाया जाए। जीतू की मां विमला देवी बेसुध हैं और बार-बार पूछ रही हैं—”मेरा बेटा कहां गया?” वहीं माइंस में कार्यरत ओवरमैन दीपक मंडल और अन्य कर्मियों का दावा है कि जीतू शुक्रवार शाम ओपन कास्ट एरिया में बाइक से आया और फिर नीचे माइंस की ओर चला गया था। जहां उसकी ड्यूटी थी, उस पंप स्टेशन पर रात की दूसरी पाली में मौजूद कर्मियों ने बताया कि जीतू रात 8 बजे ही पहुंच गया था, जबकि उसकी ड्यूटी 10 बजे से थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें