गिरिडीह जिले की पचंबा सड़क की बदहाल स्थिति से तंग आ चुके स्थानीय लोग अब सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। ‘ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक’ ने सड़क निर्माण में हो रही देरी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए 8 अप्रैल को समाहरणालय जाकर उपायुक्त को ज्ञापन देने का ऐलान किया है। इसी कड़ी में शनिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने जनसंपर्क अभियान चलाकर पर्चे बांटे और आम जनता से आंदोलन में शामिल होने की अपील की।

पूर्व जिला परिषद सदस्य और फॉरवर्ड ब्लॉक नेता राजेश यादव ने कहा कि सड़क की हालत ऐसी हो गई है कि लोगों का जीना दूभर हो गया है। स्कूल, अस्पताल और व्यापार से जुड़े लोग रोज़ाना परेशान हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन की चुप्पी संदेहास्पद है। उन्होंने ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने और सड़क निर्माण की समय-सीमा तय कर युद्धस्तर पर काम शुरू कराने की मांग की है। श्री यादव ने आम जनता से 8 अप्रैल को समाहरणालय पहुंचकर सड़क निर्माण को लेकर डीसी को ज्ञापन देने की अपील की। इस अभियान में कई सामाजिक कार्यकर्ता और पार्टी नेता भी उनके साथ शामिल रहे।












