गिरिडीह में चैत्र नवरात्रि के महाअष्टमी पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दुर्गा मंदिरों और पूजा पंडालों में उमड़ पड़ी। भक्तजन मां दुर्गा की पूजा अर्चना में पूरी निष्ठा और श्रद्धा से लीन रहे। शनिवार को शहर के छोटकी दुर्गा मंडप, कोलडीहा, मोहलीचुआं, सेंट्रल पिट सहित अन्य पूजा स्थलों पर भक्तों ने बताशा, पेड़ा, लड्डू और नारियल जैसे प्रसाद चढ़ाकर मां से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

इस वर्ष अष्टमी की पूजा पुनर्वसु नक्षत्र और अतिगंदा योग के शुभ संयोग में की गई, जिससे इसका धार्मिक महत्व और अधिक बढ़ गया। मान्यता है कि इस दिन विशेष मुहूर्त में पूजा करने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। भक्तों ने मां महागौरी की आराधना कर दुर्गा सप्तशती का पाठ और कन्या पूजन किया। पंचांग के अनुसार यह दिन न केवल आध्यात्मिक दृष्टि से, बल्कि जीवन में सुख-शांति और समृद्धि के लिए भी अत्यंत फलदायी माना गया।













