गिरिडीह में रामनवमी और चैत्र नवरात्र को लेकर प्रशासनिक तैयारियों को मजबूत करने के लिए बुधवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। सदर एसडीएम श्रीकांत यशवंत की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में बीडीओ गणेश रजक, एसडीपीओ जितवाहन, डीएसपी नीरज सिंह, नगर थाना प्रभारी शैलेश प्रसाद और मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो सहित कई अधिकारी एवं समिति के सदस्य मौजूद थे।

बैठक में समिति सदस्यों ने बिजली और पानी की उचित व्यवस्था पर जोर दिया, खासकर रामनवमी के दौरान लाखों भक्तों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए। सदस्यों ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की भी मांग की, जिस पर अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहेगी और आवश्यकता अनुसार लाइट और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।













