गिरिडीह में चैती छठ पूजा की शुरुआत के साथ ही झारखंड सरकार के मंत्री सुदीब्य कुमार सोनू ने मंगलवार को अरगा घाट का दौरा कर तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि छठ व्रतियों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं। घाट की सफाई और मरम्मत कार्य तेजी से पूरा करने का आदेश भी दिया गया। छठ पूजा की पवित्रता और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को मुस्तैद रहने की हिदायत दी गई। इस निरीक्षण के दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष संजय सिंह, नगर अध्यक्ष रॉकी सिंह समेत कई स्थानीय नेता और नगर निगम अधिकारी मौजूद रहे।



