गिरिडीह : मंगलवार को विधि विधान से मां सरस्वती की पूजा आराधना की गई, जिसके बाद शहरी क्षेत्र के विभिन्न जलाशयों में श्रद्धा भाव से प्रतिमा विसर्जन किया गया। पूजा के दूसरे दिन सुबह से ही पूजा पाठ का आयोजन हुआ, उसके बाद हवन किया गया और फिर प्रसादी वितरण के साथ विसर्जन का क्रम शुरू हुआ।

श्रद्धालु एक साथ प्रोसेशन निकालते हुए नम आंखों से मां सरस्वती की विदाई करते हुए जलाशयों की ओर बढ़े। इस मौके पर खासकर उसरी नदी के छठ घाट, मानसरोवर तालाब और बुढ़वा आहर जैसे प्रमुख जलाशयों में प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। श्रद्धालुओं ने मां सरस्वती से अगले वर्ष जल्दी लौटने की कामना की और इस पर्व को श्रद्धा, उल्लास और धूमधाम के साथ मनाया।
















