गिरिडीह : जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, स्नेह कश्यप ने आज “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” अभियान के 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य लिंग आधारित भेदभाव को कम करना, बालिकाओं के अस्तित्व और सुरक्षा को सुनिश्चित करना और उनकी शिक्षा को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के दौरान समाज में फैल रही गलत धारणाओं को मिटाकर बेटियों को समान अवसर प्रदान करने पर जोर दिया गया। साथ ही, किशोरियों को उनके अधिकारों के बारे में जानकारी दी गई, जैसे जीने, विकास, सुरक्षा और सहभागिता का अधिकार। इस अभियान के माध्यम से समाज को बेटियों के जन्म को लेकर सकारात्मक सोच अपनाने और कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुरीतियों को खत्म करने का संदेश दिया गया।



