Aba News

परिवहन विभाग व यातायात पुलिस के भ्रष्टाचार और निकम्मेपन के खिलाफ किसान जनता पार्टी ने धरना एवं उपवास कार्यक्रम किया आयोजित

गिरिडीह : सड़क पर वाहनों  को तेज रफ्तार चलाने की खुली छूट देकर राहगीरों को अपनी जान गंवाने को विवश करने वाले सरकार, परिवहन विभाग व यातायात पुलिस के भ्रष्टाचार और निकम्मेपन के खिलाफ मंगलवार को किसान जनता पार्टी ने धरना एवं उपवास कार्यक्रम आयोजित किया। धरना को संबोधित करते हुए किसान जनता पार्टी के केंद्रीय कमिटी अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह अधिवक्ता ने कहा कि वर्तमान समय में सड़क पर चल रहे तेज रफ्तार वाहन यमराज बनकर लोगों की जिंदगियां छीन रहा है। असंख्य परिवारों पर दुःख का पहाड़ टूट रहा है और सरकार में बैठे भ्रष्ट और निकम्मे लोग चैन की बांसुरी बजा रहे हैं। अपनी झोली भरने के लिए विकास – विकास चिल्लाने वाले नेता यह बताए कि जब लोग ही जिंदा नहीं रहेगा तो चौड़ी सड़के और विकास किसके लिए? किसान जनता पार्टी के संरक्षक सुकुल नारायण देव एवं कार्यालय सचिव विजय कुमार ने कहा कि परिवहन विभाग के अधिकारी मोटा रकम रिश्वत में लेकर नियमों की अवहेलना करते हुए बिना कोई ड्राइविंग टेस्ट लिए धड़ल्ले से ड्राइविंग लाइसेंस निर्गत कर रहे हैं।प्रति दिन सड़कों पर मौत का मंजर देखते हुए भी  पक्ष विपक्ष के सभी माननीय सांसद विधायक इस पर चुप्पी साधे रहते हैं, इसलिए आम आदमी को ही सरकार, परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस के भ्रष्टाचार और लापरवाही के वजह से हो रहे सड़क दुर्घटना के खिलाफ आवाज बुलंद करना होगा। धरना एवं उपवास कार्यक्रम में उपस्थित किसान जनता पार्टी के सदस्यों ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को निम्नलिखित मांगों का ज्ञापन देने का निर्णय लिया :-

  1. सड़क किनारे जगह जगह पर वाहन का गति मापने हेतू यंत्र लगाया जाय तथा निर्धारित सीमा से अधिक गति में वाहन चलाने वाले चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस रद्द किया जाय।
  2. ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल खोलकर प्रशिक्षण देने एवं टेस्ट लेने के बाद ही ड्राइविंग लाइसेंस निर्गत किया जाय।
  3. वाहन चालक को नींद आ रहा है या नशा में है इसका जांच जगह जगह पर हो। नशा एवं शराब का सेवन करनेवाले का ड्राइविंग लाइसेंस हमेशा हमेशा के लिए रद्द कर दिया जाय।
  4. पहले से ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त कर चुके लोगों का पुनः ड्राइविंग टेस्ट लेने के बाद ही उसके लाइसेंस को रिन्यूअल किया जाय।
  5. सभी प्रकार का जांच का वीडियो वेबसाइट में अपलोड करने का अनिवार्य रूप से प्रावधान किया जाय।

धरना एवं उपवास कार्यक्रम में भाकपा माले नेता नवल किशोर सिंह सहित सड़क हादसा में जान गंवाने वाले तमाम लोगों के प्रति दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित किया गया। धरना एवं उपवास कार्यक्रम में किसान जनता पार्टी के जिला महासचिव भागीरथ राय, कार्यालय सचिव विजय कुमार, तिसरी अंचल अध्यक्ष दासो मुर्मू, बेंगाबाद अंचल अध्यक्ष नबी अंसारी, गिरिडीह अंचल अध्यक्ष मुकेश राय,कोषाध्यक्ष छत्रधारी सिंह, पुष्पा मुर्मू, प्रमिला हंसदा, संतोष बास्के,  मुंशी मुर्मू, जागेश्वर ठाकुर, हेमलाल सिंह, संगीता मरांडी, जोशील मरांडी, दहनी देवी, सदीक अंसारी, छोटू टुडू, बसिया टुडू, दहनी देवी, कौशल्या देवी, सामू हेंब्रम, धनेश्वर महतो, सरिता देवी सहित सैकड़ों की संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें