Aba News

बिरनी : दो मंजिला मकान में लगी आग,हजारों की संपत्ति जलकर राख

गिरिडीह : बिरनी प्रखंड के हरदिया गांव में बीती रात मो. जमाल अंसारी के दो मंजिला मकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस दुर्घटना में चार क्विंटल धान, पुआल और स्टील के बर्तन समेत अन्य सामान जलकर राख हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बिरनी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और फायर ब्रिगेड को बुलाया। हालांकि, फायर ब्रिगेड को घटनास्थल तक पहुंचने में लगभग 40 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ा, तब तक आग से सारा सामान राख हो चुका था। हरदिया गांव के निवासी मो. जमाल अंसारी ने आरोप लगाया है कि बिरनी मुख्यालय में फायर ब्रिगेड की सुविधा नहीं होने के कारण आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जा सका, जिससे बड़ा नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि अगर बिरनी प्रखंड में फायर ब्रिगेड की सुविधा होती, तो आगजनी से हुए नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था। इस घटना ने प्रशासन की आपातकालीन सेवाओं की कमी को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने भी इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए फायर ब्रिगेड की सुविधा जल्द से जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है। हरदिया गांव में आगजनी की घटना के बाद पीड़ित मो. जमाल अंसारी ने बिरनी थाना और अंचल कार्यालय में आवेदन देकर मुआवजे की मांग की है। उन्होंने आवेदन में उल्लेख किया है कि आग से उनके दो मंजिला मकान, चार क्विंटल धान, पुआल, स्टील के बर्तन और अन्य सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं।

मो. जमाल ने प्रशासन से आग्रह किया है कि उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए ताकि वह अपने नुकसान की भरपाई कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि आगजनी के दौरान फायर ब्रिगेड के समय पर न पहुंचने के कारण नुकसान और भी अधिक हो गया। प्रशासन ने उनके आवेदन पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें