गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बको के बंगाली टोला गांव में एक युवती का अधजला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बगोदर थाना पुलिस भारी संख्या में बल के साथ मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। एहतियातन घटनास्थल के आसपास आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है, ताकि साक्ष्यों से कोई छेड़छाड़ न हो।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने गांव के पास शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शव आंशिक रूप से जला हुआ है और पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार शव एक से दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है तथा युवती की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। थाना प्रभारी विनय कुमार यादव ने बताया कि पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर यह स्पष्ट करने का प्रयास कर रही है कि मामला हत्या का है या किसी अन्य कारण से मौत हुई है। घटना के बाद गांव व आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है।












