गिरिडीह शहर में अपराधियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार दोपहर को मकतपुर और शांति भवन रोड के पास दो ठगों ने हाई स्कूल शिक्षक द्वारिका राम की पत्नी से दिनदहाड़े सोने के जेवर ठग लिए और फरार हो गए। दोनों ठग खुद को ट्रैफिक पुलिस का जवान बताकर महिला और उसके बेटे को रोककर ठगी करने में सफल हुए।

सूत्रों के अनुसार, कृष्णा नगर निवासी महिला अपने बेटे के साथ एटीएम से पैसे निकालकर घर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक पर आए ठगों ने बेटे से हेलमेट और लाइसेंस मांगा, जबकि महिला से सोने के कंगन और गले का चैन उतरवा लिया। जेवर रुमाल में बांधकर ठग पीतल के जेवर देने का बहाना कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।












