गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के धारियाडीह मोहल्ले में अज्ञात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर का मुख्य ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और नकद रुपये व कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित कमाल अंसारी ने नगर थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।

कमाल अंसारी ने बताया कि 20 जनवरी 2026 को वे परिवार सहित कतरास में एक शादी समारोह में गए थे। इसी दौरान पड़ोसियों ने फोन कर ताला टूटा होने की सूचना दी। लौटने पर घर का सारा सामान बिखरा मिला। चोर बेटी की आगामी शादी के लिए रखे सोने-चांदी के जेवरात—मांगटीका, पायल, नथिया, कान का छूमका समेत—करीब 1.10 लाख रुपये मूल्य के, और लगभग 1 लाख रुपये नकद ले गए। कुल नुकसान करीब 2.10 लाख रुपये आंका गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।












