गिरिडीह जीवन बीमा व्यवसाय राष्ट्रीयकरण दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय बीमा कर्मचारी संघ, गिरिडीह शाखा की ओर से शाखा परिसर में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस मौके पर अध्यक्ष संजय शर्मा, सचिव धर्म प्रकाश, संयुक्त सचिव अनुराग मुर्मू, उपाध्यक्ष कुमकुम बाला वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। मंडलीय संयुक्त सचिव सह शाखा सचिव धर्म प्रकाश ने कहा कि 19 जनवरी 1956 को जीवन बीमा व्यवसाय के राष्ट्रीयकरण से आम जनता को आर्थिक सुरक्षा मिली और 245 निजी कंपनियों के अधिग्रहण के बाद एलआईसी की स्थापना हुई।
उन्होंने बताया कि एलआईसी ने 31 मार्च 2025 तक देश की आधारभूत संरचना में 54 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है।धर्म प्रकाश ने केंद्र सरकार द्वारा बीमा कानून संशोधन बिल 2025 के तहत एफडीआई सीमा 100 प्रतिशत करने पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इससे राष्ट्रीयकरण का मूल उद्देश्य कमजोर होगा। अखिल भारतीय बीमा कर्मचारी संघ ने ऐलान किया कि जनता की बचत की सुरक्षा के लिए सरकार के इन फैसलों के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।












