कोयलांचल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज गिरिडीह की ओर से होटल इव्य्यान पैलेस में पूजा समिति सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू रहे। दीप प्रज्वलन के साथ समारोह की शुरुआत हुई, जिसके बाद दुर्गा पूजा की 48 और छठ पूजा की 28 समितियों को मोमेंटो व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। बेहतर साज-सज्जा, विधि-व्यवस्था, साफ-सफाई, पंडाल, भव्य मेला और माता की विदाई जैसे विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पूजा समितियों को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

अपने संबोधन में मंत्री सुदिव्य सोनू ने कहा कि इस तरह के आयोजन पूजा समितियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देते हैं और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करते हैं। उन्होंने चैंबर के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे हर वर्ष आयोजित करने की प्रेरणा दी। समारोह में प्रायोजक, निर्णायक मंडल के पत्रकारों सहित नगर निगम और विसर्जन समिति को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन संयोजक अरविंद कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अध्यक्ष राहुल वर्मन ने दिया।













