गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बनहती में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर गिरिडीह से बारसोली लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे के तुरंत बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत तीनों घायलों को उठाकर गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों ने 17 वर्षीय कुंदन तुरी को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल सागर कुमार (16 वर्ष) और सुमित तुरी (15 वर्ष) का इलाज अस्पताल में जारी है। दोनों युवक गंभीर स्थिति में हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार कार चालक की खोज शुरू कर दी है। हादसे के बाद बेंगाबाद इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है और स्थानीय लोग सुरक्षा के प्रति चिंता व्यक्त कर रहे हैं।












