शीतलपुर के ग्रामीणों ने भू-माफियाओं के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया है। ग्रामीणों का आरोप है कि खाता संख्या 29, प्लॉट नंबर 220 की सरकारी जमीन पर दशकों से कालीमंडा स्थित है, जहां पूरे गांव के लोग पूजा-अर्चना करते हैं। इसी परिसर में सरकारी स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और सामुदायिक चबूतरा भी बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर से सटे लगभग तीन डिसमिल जमीन पर देवी मंडा का स्थल है,

जहां धार्मिक परंपरा के अनुसार बली दी जाती है। हाल ही में ग्रामीणों ने आपसी सहमति और सहयोग राशि से इस स्थल की घेराबंदी कर वाटिका निर्माण का निर्णय लिया था, लेकिन भू-माफिया इस जमीन पर कब्जा कर बेचने की कोशिश कर रहे हैं। इससे नाराज ग्रामीणों ने एकजुट होकर विरोध दर्ज किया और जिला प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। मौके पर अशोक राम, रंजीत कुमार, नीतिश कुमार, निर्मला देवी, विक्की कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।













