गिरिडीह के श्याम मंदिर प्रांगण में आयोजित एक दिवसीय चतुर्थ जिला स्तरीय योगासना स्पोर्ट प्रतियोगिता का सफल समापन हुआ, जिसमें जिलेभर के 200 से अधिक प्रतिभागियों ने विभिन्न आसनों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कार्मेल इंग्लिश स्कूल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि बीएसएम स्कूल उपविजेता रहा। गिरिडीह जिला योगासना स्पोर्ट संघ के महासचिव अमित स्वर्णकार ने बताया कि प्रतियोगिता विभिन्न आयु वर्ग के बालक-बालिका और महिला-पुरुष वर्ग में कराई गई।

उद्घाटन जीडी बगेड़िया टीचर ट्रेनिंग कॉलेज के छात्रों के योग डेमोंस्ट्रेशन से हुआ, वहीं समापन समारोह में मुख्य अतिथि अजय बगेड़िया ने विजेताओं को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में पारंपरिक, कलात्मक एकल, कलात्मक युगल और तलात्मक युगल इवेंट शामिल थे। स्वर्ण पदक विजेताओं को अब 28 से 31 अगस्त तक बोकारो के दिल्ली पब्लिक स्कूल में होने वाली छठी राज्य स्तरीय योगासना प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। आयोजन की सफलता में निर्णायक अमित कुमार और संघ के कई पदाधिकारियों व सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।













