गिरिडीह जिले के गावां प्रखंड स्थित जमडार पीएम विद्यालय के शिक्षकों ने ऐसा कार्य किया जो मानवता और शिक्षक धर्म की मिसाल बन गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अभय चतुर्वेदी, शिक्षक अजय कुमार सिंह और सुदर्शन ने एक गंभीर रूप से घायल आदिवासी छात्र की मदद करते हुए उसे अपनी पीठ पर उठाकर लगभग दो किलोमीटर तक दुर्गम जंगल और पहाड़ी रास्तों से उसके घर तक पहुँचाया।
छात्र स्कूल से लौटते समय घायल हो गया था और चलने में असमर्थ था। बाइक से ले जाना संभव नहीं था, इसलिए शिक्षकों ने हिम्मत दिखाई और रास्ते की कठिनाइयों को पार करते हुए बच्चे को उसके घर सुरक्षित पहुँचाया। इस दौरान अजय कुमार खुद फिसलकर घायल हो गए, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। जब बच्चे की माँ ने शिक्षकों को अपने बेटे के साथ देखा तो भावुक होकर आशीर्वाद दिए। प्रधानाध्यापक अभय चतुर्वेदी ने कहा, “यह कार्य आत्मा को संतोष देने वाला था, और मुझे अपने शिक्षक साथियों पर गर्व है।” यह घटना साबित करती है कि शिक्षक न केवल शिक्षा के वाहक हैं, बल्कि मानवता और सेवा के भी सर्वोच्च प्रतीक हैं।












