गिरिडीह: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में गुरुवार को गुप्त सूचना के आधार पर वन क्षेत्र पदाधिकारी एस.के. रवि के नेतृत्व में एक विशेष टीम द्वारा तीन अवैध आरा मिलों पर छापेमारी की गई। इस टीम में प्रभारी वनपाल सागर विश्वकर्मा, रोहित पानुरी, वनरक्षक सिकंदर पासवान, संजयकांत यादव, वीरेंद्र कुमार, सुरुचि कुमारी और गिरिडीह रेंज के अन्य वन कर्मी शामिल थे।

छापेमारी खुटवा ढाब, हिरणपुर और बंदरकुप्पी में स्थित राजकुमार राणा, संतोष मांझी और प्रकाश साव की अवैध आरा मिलों पर की गई। कार्रवाई के दौरान लगभग 5 लाख रुपये मूल्य की अवैध लकड़ी और करीब 2 लाख रुपये की आरा मशीनें जब्त की गईं। वन विभाग की इस कड़ी कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध लकड़ी कटाई और मिल संचालन करने वालों में हड़कंप मच गया है। आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।













