गिरिडीह, 24 जुलाई 2025: उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने देवरी प्रखंड सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मनरेगा, अबुआ आवास योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना सहित विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की। बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सेवकों को सख्त निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने कार्यों में कोताही बरतने वाले कर्मियों को चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उप विकास आयुक्त ने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए तथा निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति हेतु ठोस कार्रवाई हो। विशेष रूप से मनरेगा के विभिन्न आयामों और बिरसा हरित ग्राम योजना की प्रगति पर उन्होंने संतोष व्यक्त नहीं करते हुए सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का सुनियोजित ढंग से क्रियान्वयन ग्रामीण विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकता है। बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों से उन्होंने टीम भावना के साथ कार्य करने और नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।













