सरिया में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर गुरुवार को विद्युत संघर्ष समिति और सरिया व्यवसायिक संघ की जैन धर्मशाला में अहम बैठक हुई। बैठक में क्षेत्र की बिजली समस्या पर गहरी नाराजगी जताते हुए आंदोलन की रणनीति तैयार की गई। समिति के अध्यक्ष विशाल गंभीर और सचिव जिम्मी चौरसिया ने तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हुई, तो रांची-दुमका मुख्य मार्ग को अनिश्चितकाल के लिए जाम किया जाएगा।

व्यवसायिक संघ अध्यक्ष संजय मोदी व रामपति प्रसाद ने चेतावनी दी कि सरिया में ग्रिड होते हुए भी बिजली कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो सरिया से पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी जाएगी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर भी नाराजगी जताई गई। बैठक में दर्जनों व्यापारी व नागरिक शामिल हुए और आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।












