गिरिडीह जिले के लखनपुर गांव में बीती रात मवेशी चोरी करने पहुंचे पांच युवकों को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। घटना अहिल्यापुर थाना क्षेत्र की है, जहां ग्रामीणों की सजगता और रात्रि गश्ती के चलते चोरों की टोली पकड़ी गई। पकड़े गए युवकों में एक स्थानीय निवासी रिजवान अंसारी है, जबकि चार आरोपी हरियाणा के नूहं जिले से हैं — उमर दीन, आबिद हुसैन, लियाकत पहलू और खुर्शीद। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में लिया और सभी को हिरासत में ले लिया। आरोपियों के पास से एक कार, रस्सी, टेप और कई फर्जी नंबर प्लेटें बरामद हुईं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह इलाके में कई दिनों से सक्रिय था। ग्रामीणों की सतर्कता से पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।












