शुक्रवार को गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गोलगो गांव में चल रही अवैध मिनी शराब फैक्ट्री पर उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर फैक्ट्री को नष्ट कर दिया। इस दौरान फैक्ट्री संचालक कारीटांड़ निवासी सहदेव महतो को मौके से गिरफ्तार किया गया, जिसे जेल भेज दिया गया है।

उत्पाद अधीक्षक महेंद्र देवगम ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें विभाग की टीम ने भारी मात्रा में शराब और निर्माण सामग्री जब्त की। बरामद सामानों में 500 लीटर रंगीन विदेशी शराब, 16.65 लीटर अवैध विदेशी शराब, 300 ml केरामेल, कॉर्क, ढक्कन, स्टिकर्स और सैकड़ों खाली बोतलें शामिल हैं।

छापेमारी दल में उत्पाद अवर निरीक्षक मनीष कुमार और लक्ष्मण महतो के साथ गृह रक्षक बल के रामवचन प्रसाद, सुरेंद्र यादव, अजय सिंह, श्याम किशोर और जयदेव यादव भी मौजूद रहे।













